पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं, बेटियों और बच्चों की सुरक्षा गंभीर संकट में है और सरकार इस मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।
मनोज झा ने बेगूसराय में अति पिछड़ा वर्ग की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म तथा चंपारण और समस्तीपुर में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सरकार महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा नहीं दे सकती, तो उसे शासन करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष में रहते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुखर रहती थी, लेकिन अब ऐसी घटनाओं पर उसकी चुप्पी कई सवाल खड़े करती है।
एनकाउंटर मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग
राजद सांसद ने कहा कि बिहार में होने वाले हर एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में “सच का एनकाउंटर” किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी एनकाउंटर को लेकर संदेह है, तो राजद उसके पीछे की सच्चाई सामने लाने के लिए खड़ी रहेगी।
महिलाओं से किए गए वादों पर सरकार को घेरा
मनोज झा ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया है। राजद इन मुद्दों को लेकर आंदोलन करेगी और जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भले उनकी संख्या कम हो, लेकिन सड़क पर जनता का समर्थन उनके साथ है।
सम्राट चौधरी के बयान की आलोचना
मनोज झा ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राजद प्रमुख लालू यादव को लेकर दिए गए बयान की निंदा करते हुए कहा कि लालू यादव सामाजिक न्याय के प्रतीक हैं और करोड़ों लोग उन्हें सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर के बाद यदि किसी नेता ने अति पिछड़ा वर्ग के सम्मान और अधिकारों के लिए सबसे मजबूती से संघर्ष किया है तो वह लालू यादव हैं।
सुरक्षा और सरकारी आवास को लेकर भी उठाए सवाल
राजद सांसद ने लालू यादव की सुरक्षा और सरकारी सुविधाओं के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गलत जानकारी फैला रही है और यदि ऐसा बंद नहीं हुआ तो राजद न्यायालय का रुख करेगी। उन्होंने कहा कि लालू यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव अपने पद और अधिकारों के आधार पर इन सुविधाओं के हकदार हैं।

वित्तीय स्थिति पर भी जताई चिंता
मनोज झा ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि कई पेंशनभोगियों को महीनों से पेंशन नहीं मिली है और अनेक कर्मचारियों का वेतन लंबित है। उन्होंने कहा कि उनके पिता को भी पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने सरकार से राज्य के खजाने की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने की मांग की।
मनोज झा ने कहा कि कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है, जबकि राजद इन सवालों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।
@MUSKAN KUMARI






