भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में दहशत फैला दी। ढाका मोड़ की ओर से आ रहे एक गैस कंटेनर और बौंसी की तरफ से तेज रफ्तार में जा रहे हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों भारी वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर मलबा फैल गया।
हादसे में गैस कंटेनर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकालकर गंभीर हालत में बाराहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद हालात तब और बिगड़ गए, जब कंटेनर पर लदे सैकड़ों गैस सिलेंडर सड़क और आसपास के खेतों में बिखर गए। संभावित खतरे के बावजूद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोग सिलेंडर उठाकर ले जाने लगे, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी और लूट जैसी स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को दूर हटाया। सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई। हादसे के कारण भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
@MUSKAN KUMARI






