रोहतास। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को शिवसागर प्रखंड के बड्डी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप और उनके परिवार से मुलाकात कर आगामी वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का यह दौरा किसी राजनीतिक कार्यक्रम के लिए नहीं, बल्कि क्रिकेटर के घर आयोजित होने वाले मांगलिक समारोह में शामिल होने और उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई देने के उद्देश्य से था।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बड्डी गांव में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। जैसे ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गांव में बने हेलीपैड पर उतरा, आकाशदीप ने स्वयं पहुंचकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री उनके आवास पहुंचे और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आकाशदीप से बातचीत कर जीवन की नई पारी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, 21 जून को आकाशदीप का तिलक समारोह आयोजित होगा, जबकि 24 जून को उनका विवाह संपन्न होगा। शादी की रस्मों से पहले मुख्यमंत्री के आगमन ने पूरे इलाके में चर्चा और उत्साह का माहौल बना दिया है। क्रिकेटर के परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों ने भी मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। गांव के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया और कुछ समय परिवार के साथ बिताने के बाद पटना के लिए रवाना हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि आकाशदीप ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाकर पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है। ऐसे में उनकी शादी के अवसर पर मुख्यमंत्री का गांव पहुंचना क्षेत्र के लिए सम्मान और गर्व की बात है। ग्रामीणों का मानना है कि इससे युवाओं और खेल प्रतिभाओं का मनोबल भी बढ़ेगा।
@MUSKAN KUMARI





