पटना। राजधानी में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। मंगलवार को एनएच-30 पर लालू पेट्रोल पंप के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ऑटो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद ऑटो चालक घायल को इलाज के लिए दशरथा मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा। हालांकि उपचार के दौरान गंभीर चोटों के कारण घायल ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की पुष्टि होते ही ऑटो चालक अस्पताल से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतक की पहचान बेऊर निवासी 50 वर्षीय अमरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और शव के साथ एनएच-30 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सड़क जाम होने से राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आक्रोशित लोगों को शांत कर जाम हटवाया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
@MUSKAN KUMARI





