सुपौल। जिले के निर्मली प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन, बेला सिंगार मोती में मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी विभागों की सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था। इस दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार और पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने संयुक्त रूप से शिविर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की।
इसी क्रम में डीएम सावन कुमार ने पात्र लाभुकों के बीच ऑन द स्पॉट मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया। जॉब कार्ड मिलने पर ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की और कहा कि इससे उन्हें गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगार और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ समय पर प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाया जाए।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
विशेष सहयोग शिविर में मनरेगा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, राजस्व और ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर योग्य लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने भी सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस बल और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी। जिला प्रशासन ने बताया कि आम जनता तक सरकारी सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जिले के अन्य प्रखंडों में भी इस प्रकार के सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
@MUSKAN KUMARI





