पटना। चर्चित कोचिंग विवाद और कथित फायरिंग मामले में न्यायिक हिरासत में बंद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद को फिलहाल राहत नहीं मिली है। उनकी जमानत याचिका पर शुक्रवार को फैसला आने की उम्मीद थी, लेकिन जिला एवं सत्र न्यायालय ने सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी। ऐसे में रौशन आनंद को अभी कुछ और दिन जेल में ही रहना होगा।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश रुपेश देव की अदालत में हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मामले से संबंधित केस डायरी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता जताई। अदालत का मानना है कि जांच से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की समीक्षा के बाद ही जमानत याचिका पर अंतिम निर्णय लिया जाना उचित होगा।

गौरतलब है कि खान सर उर्फ फैसल खान के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद और कथित फायरिंग मामले में रौशन आनंद को आरोपी बनाया गया है और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। शुक्रवार को उनके समर्थकों और परिजनों को जमानत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अदालत के फैसले के बाद उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा।
अब सोमवार को जिला जज की अदालत में दोनों पक्षों के अधिवक्ता अपनी-अपनी दलीलें पेश करेंगे। इसके बाद कोर्ट केस डायरी और अन्य साक्ष्यों का अध्ययन कर जमानत याचिका पर अंतिम फैसला सुना सकती है। इस कारण अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं।
वहीं, मामले से जुड़े एक अन्य घटनाक्रम में खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी हो चुकी है। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अनुराग वर्मा की अदालत ने इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है। उनके जमानत आवेदन पर भी जल्द निर्णय आने की संभावना है।
@MUSKAN KUMARI






