दरभंगा में दर्दनाक नाव हादसा, 13 लोगों से भरी नाव डूबी; 10 सुरक्षित, तीन महिलाएं लापता

दरभंगा। जिले के किरतपुर प्रखंड स्थित तरवारा घाट के रिंग बांध के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक नाव हादसे ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। मूंग की फसल तोड़ने के लिए नदी पार कर रहे लोगों से भरी एक नाव अचानक असंतुलित होकर नदी में डूब गई। हादसे के समय नाव पर कुल 13 लोग सवार थे। घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग रोज की तरह खेती-बाड़ी के काम के लिए नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान बीच धारा में नाव अचानक डगमगा गई और देखते ही देखते पानी में समा गई। नाव के पलटते ही उसमें सवार लोगों के बीच जान बचाने की जद्दोजहद शुरू हो गई। स्थानीय ग्रामीणों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और नदी में कूदकर कई लोगों को बाहर निकाला।

हादसे में 13 में से 10 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन महिलाएं अब भी लापता हैं। महिलाओं के लापता होने की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है और सभी की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं।

Ad.
Ad.

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद लापता महिलाओं की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू कर दिया है। बचाव अभियान को तेज करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। विशेषज्ञ गोताखोर और राहतकर्मी नदी के विभिन्न हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में नाव ही आवागमन का प्रमुख साधन है और किसान व मजदूर खेती के काम के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में इस हादसे के बाद नावों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी क्षमता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और बचाव अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल