सीतामढ़ी। बिहार में सोमवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। इसी बीच सीतामढ़ी जिले के रिगा प्रखंड से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां तेज तूफान के दौरान एक विशाल पीपल का पेड़ कच्चे मकान पर गिर पड़ा। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है।
यह हादसा रिगा प्रखंड के रेवासी गांव स्थित धनुषी टोला में रात करीब एक से दो बजे के बीच हुआ। बताया जाता है कि सिकंदर सहनी का परिवार फूस के बने मकान में सो रहा था। इसी दौरान तेज हवा के कारण वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर सीधे उनके घर पर गिर पड़ा। हादसा इतना भयावह था कि परिवार के सदस्यों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
मृतकों में सिकंदर सहनी की 28 वर्षीय पत्नी पूजा देवी, सात वर्षीय पुत्र राजकुमार, पांच वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, एक माह का नवजात शिशु तथा परिवार का एक अन्य बच्चा शामिल हैं। एक ही घर से पांच अर्थियां उठने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हर आंख नम है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

हादसे में सिकंदर सहनी का पुत्र वीर बहादुर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार सिंह, रिगा थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी तथा पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
सदर डीएसपी-1 राजीव कुमार सिंह ने घटना को प्राकृतिक आपदा बताते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल राहत पहुंचाने का निर्देश दिया गया है।
यह हादसा एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं की भयावहता और उनकी विनाशकारी ताकत की याद दिलाता है। कुछ ही पलों में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया और पीछे छोड़ गया गहरा दर्द और मातम।
@MUSKAN KUMARI





