नालंदा के युवा कलाकार ने स्टील से बनाई टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की प्रतिकृति, ईशान किशन को करेंगे भेंट

बिहारशरीफ। बिहार की धरती एक बार फिर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के कारण चर्चा में है। नालंदा के युवा कलाकार चिंटू कुमार ने अपनी कला का ऐसा अनूठा नमूना पेश किया है, जिसने खेल और कला जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने पूरी तरह स्टील से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की है, जिसे वह भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन को भेंट करने की तैयारी कर रहे हैं।

नालंदा जिले के दरवेशपुरा गांव निवासी चिंटू कुमार वर्तमान में पावापुरी जल मंदिर के समीप रहकर अपनी कला साधना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। लगभग दो दशकों से कला और वास्तुशिल्प के क्षेत्र में सक्रिय चिंटू ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा के बल पर एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने पटना आर्ट कॉलेज से स्नातक और राजस्थान विश्वविद्यालय से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है।

चिंटू कुमार द्वारा तैयार की गई टी-20 विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति अपनी बारीक नक्काशी, आकर्षक फिनिशिंग और वास्तविक ट्रॉफी से मिलती-जुलती डिजाइन के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कलाकार का कहना है कि भारतीय क्रिकेट टीम की विश्व विजेता उपलब्धियों और खिलाड़ियों के संघर्ष से प्रेरित होकर उन्होंने इस कलाकृति का निर्माण किया है। उनके अनुसार कला केवल सौंदर्य प्रदर्शन का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों को सम्मान देने का एक सशक्त माध्यम भी है।

Ad.
Ad.

 

यह पहली बार नहीं है जब चिंटू कुमार ने खेल और कला का अनूठा संगम प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में भारत की वनडे विश्व कप जीत के बाद उन्होंने पत्थर पर नक्काशी कर विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति बनाई थी और उसे तत्कालीन भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भेंट किया था। उनकी उस कलाकृति को भी काफी सराहना मिली थी।

अब स्टील से निर्मित टी-20 विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति के माध्यम से वह बिहार के क्रिकेट सितारों को सम्मानित करने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। चिंटू कुमार ने विशेष रूप से ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, साकिब हुसैन और मुकेश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर बिहार का गौरव बढ़ाया है।

उनकी यह अनूठी कलाकृति न केवल उनकी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दे रही है, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक और खेल प्रतिभाओं को सम्मान देने की उनकी सोच को भी दर्शाती है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल