बेतिया। बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पुजहा पटजिरवा पंचायत के वार्ड संख्या-12 में गंडक नदी में डूबने से एक सात वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, रामबेलाश मुखिया का पुत्र चिंटू कुमार घर के समीप गंडक नदी के किनारे शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में चला गया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह पानी में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने नदी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया जीएमसीएच भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, चिंटू कुमार चार भाई-बहनों में सबसे छोटा और परिवार का दुलारा था। उसकी असमय मौत से मां, पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने तथा हरसंभव मदद देने की मांग की है।
@MUSKAN KUMARI





