पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को खेल विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य में खेल अवसंरचना के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिहार में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए ओलंपिक स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी और राज्य को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए चरणबद्ध तरीके से विश्वस्तरीय अवसंरचना का निर्माण किया जा रहा है।
बैठक में खेल विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, खिलाड़ियों को दिए जा रहे प्रोत्साहन, सम्मान और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जा रहा है तथा ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के माध्यम से उन्हें प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। साथ ही पटना के डुमरी खेल परिसर में विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम विकसित किए जाएं। उन्होंने बताया कि राज्य की 8,053 ग्राम पंचायतों में से 4,700 पंचायतों में 5,266 खेल मैदानों का निर्माण पूरा हो चुका है और शेष कार्य को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

सम्राट चौधरी ने पटना स्थित मोइनुल हक स्टेडियम के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने के लिए बीसीसीआई और बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेडियम तक बेहतर सड़क और परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया ताकि बड़े खेल आयोजनों के दौरान यातायात संबंधी समस्याएं उत्पन्न न हों।
मुख्यमंत्री ने बिहार खेल विश्वविद्यालय, राजगीर में रोजगारोन्मुख और नवाचार आधारित पाठ्यक्रमों को प्राथमिकता देने, जिला स्तरीय खेल भवन-सह-व्यायामशालाओं तथा प्रखंड स्तरीय आउटडोर स्टेडियमों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत स्तर पर नियमित खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल क्लबों को सक्रिय करने पर भी बल दिया।
बैठक में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, खेल विभाग के सचिव विनोद सिंह गुंजियाल, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
@MUSKAN KUMARI





