गोपालगंज। जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कई दिनों से लापता युवक का शव चंवर से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
मृतक की पहचान जिगना पंचायत के तोताराम टोला निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से लापता था और परिजन उसकी तलाश में लगातार जुटे हुए थे। परिवार को उसके सकुशल लौटने की उम्मीद थी, लेकिन चंवर से शव मिलने की सूचना ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बसंतपुर चंवर के सुनसान इलाके में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह मीरगंज थानाध्यक्ष नीरव कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। विशेषज्ञों ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शव मिलने की खबर गांव पहुंचते ही मातम का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
फिलहाल मामला रहस्य बना हुआ है और पुलिस तकनीकी तथा वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
@MUSKAN KUMARI






