आरा में दो करोड़ की ब्राउन शुगर बरामद, मणिपुर से लाई गई खेप के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

आरा: भोजपुर पुलिस और बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को नवादा थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन रोड हनुमान मंदिर के समीप से करीब डेढ़ किलो ब्राउन शुगर बरामद की गई। इस मामले में दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के सहजौली गांव निवासी गणेश साह और बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों पर लंबे समय से नशे के कारोबार में सक्रिय रहने का आरोप है।

भोजपुर एसपी राज ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मणिपुर से ट्रेन के माध्यम से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप आरा लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और बिहार नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी कर दी। ट्रेन से उतरने के बाद दोनों तस्कर पैदल स्टेशन रोड की ओर जा रहे थे, तभी हनुमान मंदिर के समीप उन्हें दबोच लिया गया।

Ad.
Ad.

 

तलाशी के दौरान गणेश साह के पीठू बैग से दो पैकेटों में रखी गई 1 किलो 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। वहीं राजू कुमार गुप्ता उर्फ विनोद गुप्ता ने 512 ग्राम ब्राउन शुगर अपने शरीर पर गमछे में बांध रखी थी और ऊपर से शर्ट पहनकर सामान्य यात्री की तरह चल रहा था।

पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि मादक पदार्थ की यह खेप मणिपुर से लाई गई थी। पुलिस ने उनके पास से 2,400 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। अब मोबाइल फोन के जरिए पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरा से आगे यह खेप कहां सप्लाई की जानी थी।

पुलिस के अनुसार, गणेश साह असम के गुवाहाटी में और राजू कुमार गुप्ता मणिपुर के सेनापति जिले के मैकरेलू बाजार कॉलोनी में रहकर भी गतिविधियां संचालित करता था। दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत नवादा थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस ड्रग नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके सरगना तक भी जल्द पहुंचा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि बिहार में बढ़ती मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
[the_ad_group id="65"]
मौसम अपडेट
राशिफल