भोजपुर और बलिया के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में रघुनाथपुर को शामिल करने की मांग अब जनप्रतिनिधियों से निकलकर व्यापक जनसमर्थन हासिल करती दिख रही है। सांसदों और विधायकों के बाद अब बक्सर के पूर्व विधायक उर्फ मुन्ना तिवारी ने भी इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया है।
पूर्व विधायक ने रेल मंत्रालय को पत्र लिखकर मांग की है कि प्रस्तावित आरा-बलिया रेल लाइन को रघुनाथपुर के रास्ते जोड़ा जाए। उनका कहना है कि यह केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि बक्सर और भोजपुर के ग्रामीण एवं दियारा क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है।
मुन्ना तिवारी ने अपने पत्र में कहा है कि यदि रघुनाथपुर को रेल नेटवर्क से नहीं जोड़ा गया तो क्षेत्र के लाखों लोगों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। उनका दावा है कि रेल लाइन बनने से किसानों को अपनी उपज के लिए बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्र के सांसदों और कई विधायकों ने भी रेल मंत्रालय के समक्ष इस मांग को उठाया है। रघुनाथपुर की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोग इसे रेल परियोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा मान रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेती है तो भोजपुर, बक्सर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिल सकती है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
अब सबकी निगाहें रेल मंत्रालय के अगले कदम पर टिकी हैं कि प्रस्तावित आरा-बलिया रेल लाइन के अंतिम रूट में रघुनाथपुर को शामिल किया जाता है या नहीं।
@MUSKAN KUMARI





