दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सैदुलाजब इलाके में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। वेस्टर्न मार्ग पर स्थित तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का इलाज एम्स ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अनुसार, जिस इमारत में हादसा हुआ वहां कोचिंग इंस्टीट्यूट, कैफे और विभिन्न कार्यालय संचालित हो रहे थे। घटना के समय बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य भी चल रहा था। अचानक इमारत गिरने से पूरा ढांचा मलबे में तब्दील हो गया। मलबा पास की टिन शेड कैंटीन पर भी जा गिरा, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र अक्सर आते थे।
घायलों में गुरुग्राम निवासी तरुण कुमार, बिहार के मोतिहारी की साइका खान, सैदुलाजब की नीलम यादव, साकेत के आदित्य शर्मा, नोएडा के क्षितिज प्रताप, साकेत के अनुज दीक्षित, सैदुलाजब की आस्था और साकेत के विशाल शामिल हैं।
रविवार सुबह तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। NDRF, DDMA, दिल्ली पुलिस, दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमों ने पूरी रात मलबे में फंसे लोगों की तलाश की। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भारी मशीनरी, हाइड्रोलिक कटर, विक्टिम लोकेशन कैमरे और स्निफर डॉग्स की मदद ली गई।
फिलहाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इमारत गिरने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
@MUSKAN KUMARI





