फिल्मों में काम दिलाने की मांग को लेकर अभिनेता के पिता और उनके पीए को फोन पर धमकाने वाले हिस्ट्रीशीटर अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह हाल ही में हुई चेन लूट की घटना में भी वांछित था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रयागराज के शाहगंज निवासी मोहम्मद शाहरुख के रूप में हुई है। आरोपी खुद को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील का गुर्गा बताकर लोगों में दहशत फैलाता था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, बमबाजी और लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
गाजीपुर थाना पुलिस ने बताया कि करीब तीन सप्ताह पहले इंदिरानगर स्थित इरम स्कूल के पास एक महिला से चेन लूट की वारदात हुई थी। इसी मामले में शाहरुख की तलाश की जा रही थी। बृहस्पतिवार को पुलिस टीम बंधा रोड स्थित एक मजार के पास वाहनों की जांच कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की एक बाइक आती दिखाई दी।
पुलिस ने जब बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया तो वह भागने का प्रयास करने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई चेन और आठ हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, शाहरुख के खिलाफ करेली, खुल्दाबाद, शाहगंज और धूमनगंज थाना क्षेत्रों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में उसने सलमान खान के पिता सलीम खान और उनके पीए को फोन कर धमकी दी थी। उस मामले में के बांद्रा क्षेत्र की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा अगस्त 2019 में आरोपी पर एक कारोबारी पर जानलेवा हमला करने का भी आरोप लगा था। पुलिस का कहना है कि शाहरुख कई बार मुठभेड़ों और अन्य मामलों में भी गिरफ्तार हो चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
@MUSKAN KUMARI





