बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और जाले विधानसभा क्षेत्र से विधायक का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक स्कूल के एक क्लासरूम में छात्र-छात्राओं को कैमिस्ट्री पढ़ाते और उनसे सवाल-जवाब करते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में विधायक जीवेश मिश्रा हरे कुर्ते और बंडी में स्कूल की कक्षा में पहुंचते हैं। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सामान्य नमक और पानी का रासायनिक सूत्र पूछा। छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ सही जवाब दिया, जिससे विधायक काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “आज हम भी पास करा जाएंगे अगर सही पढ़ा रहे हैं।”
इसके बाद विधायक ने खुद मार्कर उठाकर ब्लैकबोर्ड पर H₂O लिखते हुए पानी के अणु (मॉलिक्यूल) और रासायनिक अभिक्रियाओं को सरल भाषा में समझाया। छात्र-छात्राएं भी पूरे उत्साह के साथ उनकी बातों को सुनते और सवालों के जवाब देते दिखाई दिए।

बताया जा रहा है कि कक्षा में पढ़ाने के दौरान किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग विधायक के इस शैक्षणिक प्रयास की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे लेकर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी भी कर रहे हैं।
हालांकि, यह पहला अवसर नहीं है जब विधायक जीवेश मिश्रा इस तरह स्कूल में पढ़ाते नजर आए हों। स्थानीय लोगों के अनुसार, वे समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण करते हैं और बच्चों की पढ़ाई का स्तर जानने के लिए कक्षाओं में जाकर उनसे बातचीत भी करते हैं।
वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पढ़ने और पढ़ाने में विशेष रुचि रही है। उन्होंने कहा कि 11 वर्ष की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्होंने होम ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई पूरी की थी। यही कारण है कि आज भी जब उन्हें अवसर मिलता है तो वे स्कूलों में जाकर बच्चों के साथ समय बिताते हैं और उन्हें पढ़ाने का प्रयास करते हैं।
विधायक का कहना है कि बच्चों के बीच जाकर पढ़ाने से उन्हें आत्मिक संतोष मिलता है और छात्रों को भी कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है। राजनीति की व्यस्तताओं के बावजूद वे अपने क्षेत्र के स्कूलों से जुड़े रहते हैं और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का समय-समय पर जायजा लेते हैं।
@MUSKAN KUMARI





