पटना। गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली और हावड़ा के बीच दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। ये ट्रेनें बिहार के प्रमुख रेल मार्गों से होकर गुजरेंगी, जिससे राज्य के यात्रियों को दिल्ली और कोलकाता की यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि गर्मी के मौसम में लंबी दूरी की ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है।
28 मई से चलेगी पहली स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 04048 नई दिल्ली–हावड़ा स्पेशल 28 मई को शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन डीडीयू, बक्सर और आरा होते हुए दोपहर 1:25 बजे पटना पहुंचेगी। इसके बाद बख्तियारपुर, किऊल और झाझा सहित कई स्टेशनों पर रुकते हुए रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04047 हावड़ा–नई दिल्ली स्पेशल 30 मई को रात 1:40 बजे हावड़ा से खुलेगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन भी पटना समेत कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

दूसरी जोड़ी ट्रेन 30 मई से
रेलवे ने दूसरी जोड़ी स्पेशल ट्रेन की भी घोषणा की है। गाड़ी संख्या 04050 नई दिल्ली–हावड़ा स्पेशल 30 मई को शाम 6:15 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04049 हावड़ा–नई दिल्ली स्पेशल 1 जून को रात 1:40 बजे हावड़ा से चलेगी और अगले दिन सुबह नई दिल्ली पहुंचेगी।
बिहार के यात्रियों को सीधा फायदा
इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव डीडीयू, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, किऊल और झाझा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर होगा। इससे बिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों के दौरान दिल्ली, कोलकाता और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त सीट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
रेलवे को उम्मीद है कि इस पहल से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी और छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में होने वाली भीड़-भाड़ भी कुछ हद तक कम होगी।
@MUSKAN KUMARI





