बिहार में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला भोजपुर जिले के आरा से सामने आया है, जहां तपेश्वर इंदु महिला कॉलेज के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के एएसआई राजीव रंजन सिंह उर्फ गोल्डी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक 43 वर्षीय राजीव रंजन सिंह भोजपुर जिले के अयर थाना क्षेत्र के बालिगांव गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे अपने गांव से पटना ड्यूटी के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान माउंट लिट्रा स्कूल की बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और बस को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद स्कूल बस चालक की लापरवाही को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठाने वाले वाहन चालकों द्वारा ट्रैफिक नियमों की अनदेखी बेहद चिंताजनक है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ।
इधर, बिहार सरकार ने सामूहिक सड़क दुर्घटनाओं को फिर से विशेष स्थानीय आपदा की श्रेणी में शामिल किया है, ताकि पीड़ित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता मिल सके। सरकार का कहना है कि इस फैसले का उद्देश्य सड़क हादसों के पीड़ितों को जल्द राहत पहुंचाना है।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, स्कूल वाहनों की निगरानी और ट्रैफिक नियमों के सख्त पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
@MUSKAN KUMARI






