बिहार के Nalanda जिले के बेन थाना क्षेत्र स्थित भातू बिगहा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। पुरानी रंजिश के चलते हुई इस मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जबकि गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के Avinash Kumar और Anuj Kumar के परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट और फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें कई लोग घायल हुए थे और एक युवक को गोली भी लगी थी।
बताया जा रहा है कि पुराने मामले में अविनाश कुमार जेल जा चुके थे और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर गांव लौटे हैं। दूसरी ओर अनुज कुमार को भी अदालत से बेल मिल चुकी है। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था।

शनिवार रात विवाद उस समय फिर भड़क उठा जब आरोप है कि अविनाश कुमार अपने घर के दलान पर बैठे थे और इसी दौरान अनुज कुमार की पत्नी उनका वीडियो बनाने लगीं। इस बात को लेकर पहले कहासुनी हुई, फिर मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग जुट गए और जमकर मारपीट शुरू हो गई।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चला आ रहा यह जमीन विवाद गांव की शांति के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
@MUSKAN KUMARI





