बगहा स्थित एएनएम स्कूल परिसर शुक्रवार को अचानक हिंसा का अखाड़ा बन गया, जब भोजन की गुणवत्ता और दूषित पेयजल को लेकर चल रहा विरोध उग्र हो गया। देखते ही देखते छात्राओं और जीविका दीदियों के बीच मारपीट और पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरा परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, एएनएम स्कूल की छात्राएं पिछले कई दिनों से हॉस्टल में मिलने वाले घटिया भोजन और बदबूदार पानी को लेकर विरोध कर रही थीं। छात्राओं का आरोप था कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्थाओं में कोई सुधार नहीं किया जा रहा था।
शुक्रवार को छात्राएं हॉस्टल गेट के सामने तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही थीं और थाली-बर्तन बजाकर अपना विरोध दर्ज करा रही थीं। इसी दौरान करीब 200 की संख्या में जीविका दीदियां स्कूल परिसर पहुंच गईं। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में बहस और नारेबाजी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक हो गया। दोनों ओर से धक्का-मुक्की शुरू हुई और फिर चप्पल, बोतलें तथा ईंट-पत्थर चलने लगे। अचानक हुए पथराव से परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्राएं जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं।

इस हिंसक झड़प में एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कई अन्य छात्राओं को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्राचार्य श्रीश वर्मा ने नगर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया। हालांकि तब तक परिसर में काफी नुकसान हो चुका था और तनाव बना हुआ था।
जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सोहेल राज ने कहा कि छात्राओं की शिकायतों की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं जीविका दीदियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें जानबूझकर उकसाया गया और माहौल खराब किया गया।
रूबी कुमारी ने दावा किया कि मेस में पहले चिकन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद तनाव बढ़ता चला गया। उन्होंने प्राचार्य पर भी माहौल भड़काने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
यह घटना छात्रावास प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है कि आखिर सामान्य शिकायतें इतनी बड़ी हिंसक झड़प में कैसे बदल गईं।
@MUSKAN KUMARI





