पटना जिले के नौबतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गोनवा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इलाके में ओवरब्रिज या सुरक्षित पारपथ निर्माण की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, टिल्लू टोला निवासी 26 वर्षीय सुकेश कुमार, पिता घोष यादव, अपनी पल्सर बाइक से शादीशोपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोनवा पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नौबतपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि गोनवा पेट्रोल पंप और आसपास का इलाका लगातार सड़क दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। आए दिन यहां हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा।
आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर, बांस-बल्ला और अन्य सामान रखकर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ओवरब्रिज या सुरक्षित पारपथ का निर्माण नहीं कराया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
सूचना मिलने पर नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी मंजीत कुमार ठाकुर ने बताया कि कार और बाइक की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे पटना एम्स भेजा गया है। पुलिस फरार कार सवारों की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।
@MUSKAN KUMARI






