बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े आर्थिक वादों और सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने महिला रोजगार योजना को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि दूसरी किस्त के रूप में ₹2 लाख की राशि इसी महीने महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।
मंत्री के अनुसार योजना के तहत तीसरी किस्त ₹40,000, चौथी किस्त ₹60,000 और पांचवीं किस्त ₹80,000 देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है और विपक्ष को बार-बार सवाल उठाने की जरूरत नहीं है।
इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने दावा किया कि शहरी क्षेत्रों की लगभग 18 लाख महिलाओं, जिन्हें आजीविका दीदी योजना से जोड़ा गया है, उनके आवेदनों की जांच पूरी हो चुकी है और जल्द ही उनके खातों में ₹10,000 की सहायता राशि भेजी जाएगी।

कानून-व्यवस्था और जातिगत एन्काउंटर के मुद्दे पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अपराध की कोई जाति नहीं होती और पुलिस को निष्पक्ष होकर कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं राष्ट्रीय राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी हमला बोला और कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए जिससे देश की छवि प्रभावित हो।
चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष होते हैं और जनता का जनादेश सर्वोपरि है। उन्होंने ईवीएम और बैलेट को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को भी गलत बताया।
अब बिहार की राजनीति में महिला रोजगार योजना को लेकर उम्मीदें और सवाल दोनों बढ़ गए हैं। एक ओर सरकार इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम बता रही है, वहीं विपक्ष इसे चुनावी वादा करार देकर सरकार को घेरने में जुटा हुआ है। आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि ये घोषणाएं जमीन पर कितनी तेजी से लागू हो पाती हैं।
@MUSKAN KUMARI






