Uttarakhand के Rishikesh में सोमवार रात बड़ा रेल हादसा टल गया, जब Ujjaini Express के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा योगी नगरी रेलवे स्टेशन के पास खांड गांव इलाके में उस समय हुआ, जब ट्रेन को रेलवे यार्ड ले जाया जा रहा था। राहत की बात यह रही कि ट्रेन में उस वक्त कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना रात करीब 9:40 बजे हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन यार्ड क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी लोकोमोटिव शंटिंग लाइन के टर्मिनस पर लगे बफर यानी डेड एंड से टकरा गया। टक्कर के बाद डिब्बों पर दबाव बढ़ गया, जिससे एक कोच पटरी से उतर गया जबकि दूसरा बीच से मुड़ गया। हादसे में तीन डिब्बों को नुकसान पहुंचा है।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, उज्जैनी एक्सप्रेस लक्ष्मी नगर और योग नगरी ऋषिकेश के बीच संचालित होती है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में रेलवे से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले Rajdhani Express में आग लगने की घटना ने यात्रियों में अफरा-तफरी मचा दी थी। वहीं बिहार के Sasaram रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन में आग लगने का मामला सामने आया था। अब उज्जैनी एक्सप्रेस के डिब्बे पटरी से उतरने की घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
@MUSKAN KUMARI





