Samrat Choudhary ने छपरा और पूरे सारण जिले के विकास को लेकर कई बड़ी योजनाओं का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि Chhapra में पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्य दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
सरकार के मुताबिक, यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। गंगा किनारे विकसित होने वाला यह पथ शहर को आधुनिक पहचान देने के साथ लोगों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने नोएडा मॉडल पर आधुनिक टाउनशिप बसाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नई अत्याधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें बाबा हरिहरनाथ के नाम पर विशेष टाउनशिप भी शामिल होगी। इस योजना के तहत बेहतर सड़कें, आवासीय सुविधाएं और व्यापारिक ढांचा तैयार किया जाएगा।

शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए राज्यभर में 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने की भी घोषणा की गई है। सरकार का दावा है कि इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और पलायन में कमी आएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सम्राट चौधरी ने कहा कि अनुमंडल अस्पतालों से सामान्य मरीजों को अनावश्यक रूप से पटना रेफर करना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना गंभीर कारण मरीजों को रेफर करने वाले डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दावा किया कि 15 अगस्त तक जिला और अनुमंडल अस्पतालों में इलाज की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। साथ ही कहा कि यदि अनावश्यक रेफरल जारी रहा तो संबंधित सिविल सर्जन पर भी कार्रवाई तय होगी।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के लागू होने से सारण और आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव आएगा।
@MUSKAN KUMARI





