
सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा कर पति की लंबी आयु की कामना की
आदर्श कुमार | बिहिया (भोजपुर) | Asian Times
भोजपुर जिले के बिहिया क्षेत्र में शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर व्रत रखा तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

सुबह से ही नगर एवं ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के बीच पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। स्नान के बाद महिलाओं ने नए वस्त्र धारण किए और सोलह श्रृंगार कर भगवान विष्णु एवं माता सावित्री की पूजा की।
बिहिया नगर सहित आसपास के गांवों के मंदिरों और वट वृक्षों के पास महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित वट वृक्ष के समीप बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और व्रत कथा सुनी।
पूजा के दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा धागा बांधा तथा पति की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर फल, फूल, धूप, दीप, अक्षत और मिठाई अर्पित कर पारंपरिक तरीके से पूजा संपन्न की गई।
कई महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। पूजा स्थलों पर भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
Asian Times की टीम ने विभिन्न पूजा स्थलों का जायजा लिया, जहां महिलाओं में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
Author: BiharlocalDesk
ASAIN TIMES NEWS NETWORK



