प्रधानमंत्री Narendra Modi अपने पांच देशों के यूरोप दौरे के तहत बुधवार को नीदरलैंड्स पहुंचे, जहां प्रवासी भारतीयों ने उनका जोरदार स्वागत किया। हेग में आयोजित विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग मौजूद रहे। पारंपरिक नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच पीएम मोदी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और उनसे संवाद किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि “आज का भारत बड़े सपने देख रहा है और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहा है।” उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन रहा है और तकनीक, स्टार्टअप, डिजिटल इनोवेशन, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में रह रहे भारतीय देश की संस्कृति और मूल्यों को मजबूत पहचान दिला रहे हैं।
प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान नीदरलैंड्स के प्रधानमंत्री, किंग विलेम-अलेक्जेंडर और क्वीन मैक्सिमा से भी मुलाकात करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, जल प्रबंधन, कृषि, रक्षा और तकनीकी सहयोग को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि यह दौरा भारत और नीदरलैंड्स के संबंधों को नई मजबूती देगा और कई नए समझौतों का रास्ता खोलेगा।
@MUSKAN KUMARI


