कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां विद्यालय में पढ़ाई करने वाले बच्चों को मिड-डे मील के लिए सब्जी और किराने का सामान खरीदने बाजार भेज दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्कूल प्रशासन और शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बौलिया का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने छात्र बाजार में सब्जी और राशन खरीदते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई और स्थानीय लोग स्कूल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे।
छात्रों ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उन्हें मध्यान भोजन के लिए सब्जी और अन्य किराने का सामान खरीदने बाजार भेजा था। बच्चों के इस बयान के बाद मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर स्कूल समय में बच्चों से इस तरह का काम क्यों कराया गया और क्या यह नियमों के अनुरूप है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यहां छात्र बाजार में सामान खरीदते दिखाई दे रहे हैं। इससे शिक्षा व्यवस्था की खामियां उजागर हो रही हैं।
मामला सामने आने के बाद कटिहार जिला प्रशासन ने भी इसे गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग सवाल कर रहे हैं कि यदि बच्चों से ही मिड-डे मील का सामान मंगवाया जाएगा, तो उनकी पढ़ाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा।
@MUSKAN KUMARI



