सासाराम: रोहतास जिले के सासाराम में शुक्रवार देर शाम डिज्नी लैंड मेले में बड़ा हादसा हो गया। पायलट बाबा आश्रम के पास लगे मेले में एक झूला अचानक टूट गया, जिससे उसमें सवार कई लोग नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला तेज रफ्तार में चल रहा था, तभी अचानक उसका एक हिस्सा टूट गया और उसमें बैठे लोग नीचे आ गिरे। हादसे के बाद मेले में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे। बच्चों और महिलाओं में खासा भय देखा गया।
सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में इलाज करा रहे घायलों में 10 वर्षीय धीरज कुमार, 32 वर्षीय श्वेता सिंह और सीमा देवी शामिल हैं। इसके अलावा कई अन्य लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।

घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि झूला तकनीकी खराबी के कारण टूटा या फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
इस हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मेले में लगे झूलों और अन्य मनोरंजन उपकरणों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
@MUSKAN KUMARI




