नई दिल्ली: NEET फर्जीवाड़ा और एडमिशन रैकेट मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय सचिव संतोष कुमार जायसवाल की गिरफ्तारी के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेकुलर) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रजनीश कुमार ने इस मामले को लेकर आरजेडी पर तीखा हमला बोला है।
नई दिल्ली में जारी बयान में रजनीश कुमार ने कहा कि शिक्षा जैसे पवित्र क्षेत्र में भ्रष्टाचार करने वालों के लिए समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
HAM नेता ने आरोप लगाया कि संतोष कुमार जायसवाल जैसे लोग ही आरजेडी के “चाल, चरित्र और चेहरे” को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, जब आरजेडी से जुड़े नेताओं के नाम विवादों और आपराधिक मामलों में सामने आए हों।

रजनीश कुमार ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश की राजनीति को शर्मसार करती हैं। उन्होंने मांग की कि NEET और एडमिशन रैकेट मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।
उन्होंने जांच एजेंसियों से अपील करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी राजनीतिक संरक्षण से बचाया नहीं जाना चाहिए। मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका की गहराई से जांच कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल इस मामले को लेकर बिहार के राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है और पक्ष-विपक्ष एक-दूसरे पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI




