मुजफ्फरपुर: बिहार में सरकारी जमीनों से अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सख्त निर्देशों के बीच मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा अंचल से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अतिक्रमण वाली जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे अंचलाधिकारी (सीओ) विश्वजीत सिंह पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने सीओ का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। हालांकि सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच गई।
घटना बोचहा थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर पंचायत स्थित विनोबा चौक के पास की बताई जा रही है। सीओ विश्वजीत सिंह ने इस मामले में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एफआईआर के मुताबिक, सीओ अपनी टीम और सुरक्षाकर्मियों के साथ सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण की जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के महेश चौधरी, राकेश चौधरी और उनके अन्य सहयोगी लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।

सीओ के विरोध करने पर आरोपी उग्र हो गए और उन पर हमला कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की और पूरी टीम को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। किसी तरह मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर अंचलाधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस मामले पर मुजफ्फरपुर पूर्वी एसडीएम तुषार कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलेभर में सरकारी जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अधिकारियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
@MUSKAN KUMARI






