पटना: बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन दल ने संसदीय कार्यों के सुचारू संचालन और पार्टी अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य सचेतक, उप मुख्य सचेतक और सचेतकों की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। इस संबंध में बिहार सरकार की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को सभी नामों को अंतिम रूप दिया।
जारी आदेश के अनुसार, दीघा विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजीव चौरसिया को बिहार विधानसभा का मुख्य सचेतक (Chief Whip) बनाया गया है। वहीं बरौली से विधायक मनजीत सिंह को उप मुख्य सचेतक (Deputy Chief Whip) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों नेताओं को राज्य मंत्री का दर्जा भी दिया जाएगा।
इसके अलावा परिहार से विधायक गायत्री देवी, गोविंदगंज से विधायक राजू तिवारी, पिपरा से विधायक रामविलास कामत, हरलाखी से विधायक सुधांशु शेखर, मधुबन से विधायक राणा रंधीर, सुल्तानगंज से विधायक ललित नारायण मंडल, बनमनखी से विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, मसौढ़ी से विधायक अरुण मांझी और पटना साहिब से विधायक रत्नेश कुमार को सचेतक नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों का उद्देश्य विधानसभा में विधायकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना, पार्टी अनुशासन बनाए रखना और सरकार की नीतियों व विधायी कार्यों के समन्वय को और मजबूत करना है। मुख्य सचेतक का पद सदन में सत्तारूढ़ दल के लिए बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि वह सरकार और विधायकों के बीच समन्वय स्थापित करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाता है।
@MUSKAN KUMARI






