तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, गांव में पसरा मातम
पटना के नौबतपुर नहर रोड पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मन्झौली गांव में एक शादी समारोह में खाना बनाने का सामान पहुंचाकर लौट रहे दो युवकों की बाइक को एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मेघा पासवान और आलोक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शादी समारोह का काम खत्म कर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान नहर रोड पर अंधेरे में तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पिपलावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन की पहचान में जुटी है।

इस दर्दनाक घटना के बाद छोटी टेंगरैला और अमरपुरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस शादी समारोह में खुशियों का माहौल था, वहां कुछ ही देर में मातम छा गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर रोड पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही लगातार हादसों की वजह बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी, स्पीड कंट्रोल और सीसीटीवी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने दोषी वाहन और चालक की जल्द गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग भी उठाई है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
@MUSKAN KUMARI





