चंडीगढ़ आवास पर सुबह से कार्रवाई जारी, सीएम बोले- पंजाब कभी नहीं झुकेगा
पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर शनिवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। सेक्टर-2 स्थित घर पर करीब 20 गाड़ियों में ईडी की टीम पहुंची और कई घंटों तक कार्रवाई चलती रही। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में अरोड़ा के खिलाफ ईडी की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर भी दबिश दी गई थी।
ईडी की इस कार्रवाई को लेकर पंजाब की राजनीति गरमा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ईडी संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जिसे औरंगजेब भी नहीं झुका पाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है, लेकिन पंजाब ऐसे हथकंडों के आगे नहीं झुकेगा।
संगरूर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि भाजपा चुनाव नजदीक आते ही ईडी की रेड, धमाकों और मानहानि नोटिस जैसे तरीकों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पंजाब के भाईचारे को तोड़ना चाहती है, लेकिन उसके मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां शपथ ग्रहण से पहले ही हिंसा का माहौल बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की मिट्टी में नफरत की फसल कभी नहीं उग सकती और राज्य का सामाजिक सौहार्द हमेशा मजबूत रहेगा।
इस बीच ईडी की कार्रवाई को लेकर अभी तक एजेंसी की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
@MUSKAN KUMARI






