मथुरा, उत्तर प्रदेश:
मथुरा में कारोबारी के घर डकैती डालने वाले दो इनामी बदमाशों को गुरुवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। दोनों बदमाशों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मारे गए बदमाशों की पहचान धर्मवीर उर्फ लंबू (35) और राजेंद्र उर्फ पप्पू (55) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, इन बदमाशों ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर 23 अप्रैल की रात टेंटीगांव क्षेत्र में किराना कारोबारी अजय अग्रवाल के घर डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की थी, जिसके बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
घटना के बाद मथुरा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया था। SSP श्लोक कुमार के निर्देश पर 17 टीमों का गठन किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश यमुना एक्सप्रेस-वे के पास मौजूद हैं।
गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दोनों संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाश भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर के दौरान स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा और हेड कांस्टेबल दुर्ग विजय भी घायल हुए हैं। दोनों को गोली लगने की सूचना है और उनका इलाज चल रहा है।
डकैती पीड़ित कारोबारी अजय अग्रवाल ने एनकाउंटर की खबर मिलने के बाद कहा कि पुलिस ने अच्छा काम किया है और अपराधियों को उनके किए की सजा मिली।
पुलिस अब फरार अन्य बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Author: Noida Desk
मुख्य संपादक (Editor in Chief)







