कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे “जनादेश की चोरी” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम भारतीय लोकतंत्र को कमजोर करने की दिशा में बड़ा कदम है।
सोमवार को घोषित चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को हराते हुए बड़ी जीत दर्ज की, जबकि असम में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की। इन नतीजों के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि कांग्रेस के कुछ लोग और अन्य दल टीएमसी की हार पर खुशी मना रहे हैं, लेकिन उन्हें समझना चाहिए कि यह सिर्फ एक पार्टी की हार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने लिखा कि “असम और बंगाल के जनादेश की चोरी, भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने के मिशन में भाजपा का बड़ा कदम है।”
उन्होंने आगे कहा कि “छोटी-मोटी राजनीति को किनारे रख देना चाहिए। यह किसी एक पार्टी का मामला नहीं, बल्कि पूरे भारत का सवाल है।”
राहुल गांधी का यह बयान भाजपा की जीत के बाद विपक्ष की ओर से आई सबसे तीखी प्रतिक्रियाओं में से एक माना जा रहा है, जिसने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।.
@MUSKAN KUMARI






