वैशाली। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित बिजलीपुर गांव में जमीन विवाद ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। मामूली तकरार इतनी बढ़ गई कि चाचा ने अपने ही भतीजे की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान राजू पासवान के रूप में हुई है, जो गांव निवासी रंजीत पासवान का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार, राजू और उसके चाचा संजय पासवान के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार देर शाम इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में संजय पासवान ने राजू के सिर पर ईंट से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजू को परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सत्यार्थी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
परिजनों के मुताबिक, राजू की शादी इसी साल नवंबर महीने में तय थी और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में घटना को लेकर सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।
@MUSKAN KUMARI







