पटना। राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित केवटी गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, घोसवरी प्रखंड के केवटी गांव में एक साथ चार शादियां हो रही थीं। शादी की खुशियों के बीच लोग ब्रह्मस्थान पर डीजे की धुन पर नाच-गाना कर रहे थे। इसी दौरान छेड़खानी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और अवैध हथियारों के साथ हमला कर दिया। दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। इसी बीच अचानक तीन राउंड फायरिंग होने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर भगदड़ मच गई।

फायरिंग में मौली महतो नामक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई। घायल को पहले स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और SDPO मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस ने घायल का बयान दर्ज कर एफआईआर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
SDPO-1 रामकृष्णा ने बताया कि शाम करीब 7 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं इस घटना ने शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
@MUSKAN KUMARI







