हरदोई। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने बुधवार को हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब 36,230 करोड़ रुपये की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा समय 10-12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा, “मैं मानता हूं कि उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेसवे का यह वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है। अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंच सकेंगे और काशी में बाबा के दर्शन कर वापस लौट सकेंगे।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह मां गंगा सदियों से देश और उत्तर प्रदेश की जीवनरेखा रही हैं, उसी तरह उनके किनारे बना यह एक्सप्रेसवे आधुनिक विकास की नई पहचान बनेगा। उन्होंने यूपी सरकार द्वारा परियोजना का नाम गंगा एक्सप्रेसवे रखने पर खुशी जताते हुए कहा कि इसमें विकास और विरासत दोनों की झलक दिखाई देती है।
बंगाल चुनाव और विपक्ष पर भी बोले पीएम
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में बड़ी संख्या में लोग भयमुक्त होकर मतदान कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।
पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा “विकास विरोधी और नारी विरोधी” राजनीति करती है। उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि विपक्ष ने महिलाओं को आरक्षण देने वाले प्रस्ताव का विरोध किया।
‘डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी, लोकार्पण भी’
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब वह दौर खत्म हो चुका है जब सड़क परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहती थीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में योजनाओं का शिलान्यास भी होता है और तय समय में उनका लोकार्पण भी किया जाता है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के एक छोर को दूसरे छोर से जोड़ने के साथ-साथ NCR की संभावनाओं को भी करीब लाएगा। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि जो उत्तर प्रदेश कभी “बीमारू राज्य” कहलाता था, वही आज एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
@MUSKAN KUMARI






