पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान हिंसा, कई जगह BJP–TMC कार्यकर्ता भिड़े

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के दौरान कई विधानसभा सीटों से हिंसा, झड़प और मारपीट की खबरें सामने आई हैं। विभिन्न जिलों में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि कई जगह पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

कुमारगंज में भाजपा प्रत्याशी पर हमला
दक्षिण मिदनापुर जिले की कुमारगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें वे हमलावरों से बचने के लिए भागते दिख रहे हैं। उनके साथ मौजूद सुरक्षा गार्ड के बावजूद भीड़ ने उन्हें घेरकर मारपीट की।
जानकारी के अनुसार, चुनाव आयोग ने वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

आसनसोल साउथ में अग्निमित्रा पॉल की कार पर हमला
आसनसोल साउथ सीट से भाजपा विधायक और उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल की कार पर बर्नपुर के रहमतनगर इलाके में हमला किया गया। इस हमले में उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूट गया। घटना के वक्त वह कार में ही मौजूद थीं, हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर समर्थकों और TMC कार्यकर्ताओं में झड़प
मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में मतदान से पहले देर रात देसी बम फेंके जाने की घटना में कई लोग घायल हो गए। इसके बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर सुबह घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका विरोध हुआ।
इस दौरान उनके समर्थकों और TMC कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। हुमायूं कबीर की कार को भी नुकसान पहुंचाया गया।

सिलीगुड़ी में भी टकराव
सिलीगुड़ी में भी भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के बाद स्थिति हिंसक हो गई, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।

कानून-व्यवस्था पर सवाल
इन घटनाओं के बाद राज्य में चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयोग ने सभी घटनाओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित जिलों के प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है।

स्थिति को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

Noida Desk
Author: Noida Desk

मुख्य संपादक (Editor in Chief)

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल