बिहार की जेलों में तड़के छापेमारी, पुलिस का सख्त संदेश—लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और नवगछिया समेत कई जिलों में एक साथ कार्रवाई, कहीं नहीं मिला आपत्तिजनक सामान

पटना, 

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार अहले सुबह राज्यभर की कई जेलों में एक साथ सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान मोतिहारी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और नवगछिया समेत कई जिलों में वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदान में उतरकर जांच करते दिखे।

मुजफ्फरपुर जेल में 200 पुलिसकर्मियों के साथ जांच

मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में सुबह करीब 4 बजे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी तुषार कुमार, कई डीएसपी और करीब 200 पुलिसकर्मी मौजूद रहे। जेल के हर कोने की बारीकी से तलाशी ली गई, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

भागलपुर जेलों में भी सघन तलाशी

वहीं भागलपुर के शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा और महिला मंडल कारा में जिला दंडाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने बैरक और सेल की गहन तलाशी ली, लेकिन यहां भी कोई अवैध वस्तु नहीं मिली।

नवगछिया में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

नवगछिया अनुमंडलीय कारा में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार और एसडीओ रोहित कर्दम के नेतृत्व में छापेमारी की गई। इस दौरान जेल के वार्ड, बैरक और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और जेल कर्मियों की सतर्कता की भी समीक्षा की गई।

सख्त संदेश, बढ़ेगी निगरानी

इस संयुक्त कार्रवाई में डीएम, एसएसपी, एसपी और एसडीओ समेत कई वरीय अधिकारी शामिल रहे। छापेमारी के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अब जेलों के भीतर किसी भी तरह की लापरवाही या अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल