बिहार के नवादा जिले में संचालित एक सेक्स रैकेट मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। Abhinav Dhiman के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी नीलम उर्फ नेहा को बिहारशरीफ से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी करीब ढाई महीने पहले दर्ज मामले में की गई है।
पुलिस के अनुसार, नीलम उर्फ नेहा नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर इस अवैध धंधे में शामिल करती थी और उनसे जबरन देह व्यापार कराती थी। वह अपने पति संजीव के साथ मिलकर इस रैकेट का संचालन कर रही थी, जबकि उसका पहला पति विक्की और अन्य सहयोगी भी इस नेटवर्क में शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस संजीव समेत अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इस मामले का खुलासा 30 जनवरी को नवादा शहर के नवीन नगर इलाके में हुआ था, जहां छापेमारी के दौरान कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था और दो नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया था। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ-साथ नकदी भी बरामद की थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि रैकेट में ऑनलाइन पेमेंट के जरिए पैसे वसूले जाते थे। ग्राहकों से भुगतान लेने के लिए स्कैनर और डिजिटल डिवाइस का इस्तेमाल किया जाता था, जिनकी आईडी नीलम के नाम पर थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से अलग-अलग जगहों पर रहकर इस नेटवर्क को संचालित कर रही थी। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
@MUSKAN KUMARI






