बेगूसराय,
Begusarai के बछवाड़ा प्रखंड से सामने आए एक वायरल वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चमथा तीन पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चमथा नंबर से जुड़े इस वीडियो में स्कूली बच्चों से लकड़ी से भरी गाड़ी खाली करवाते देखा जा रहा है, जिससे इलाके में नाराजगी और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि तपती धूप में बच्चों से जबरन यह काम कराया गया। ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजीत कुमार ने बच्चों के मना करने के बावजूद उनसे गाड़ी खाली करवाई। ग्रामीण नीतेश यादव ने कहा कि बच्चे स्कूल पढ़ने जाते हैं, मजदूरी करने के लिए नहीं।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब प्रधानाध्यापक से सवाल पूछने पर उन्होंने कथित तौर पर कहा—“जहां जाना है जाओ, कोई कुछ नहीं कर सकता।” इस बयान के बाद लोगों का गुस्सा और भड़क गया।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी निर्मला कुमारी ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना केवल एक स्कूल तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर सवाल उठा रही है। अब सबकी नजर प्रशासनिक जांच पर है कि बच्चों के अधिकारों से जुड़े इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई होती है।
@MUSKAN KUMARI






