मेरठ,
Meerut के सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर अब सेक्टर-2 के निवासियों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। क्षेत्र में कई घरों और दीवारों पर ‘पलायन’ के पोस्टर लगाए गए हैं, जिससे इलाके में हलचल तेज हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा प्रस्तावित सेटबैक प्रक्रिया उनके लिए गंभीर संकट बन सकती है। उनका तर्क है कि सेक्टर-2 में अधिकांश मकान छोटे आकार के हैं, ऐसे में सेटबैक नियम लागू करना व्यावहारिक नहीं है।
निवासियों के अनुसार यदि यह नियम लागू किया गया तो कई घरों का जरूरी हिस्सा प्रभावित होगा। किसी का बाथरूम तो किसी का ड्राइंग रूम टूट सकता है, जिससे मकान रहने लायक नहीं बचेंगे और लोगों को मजबूरन अपने घर छोड़ने पड़ सकते हैं।
लोगों ने सवाल उठाया है कि अगर मकानों का हिस्सा तोड़ा गया तो वे आखिर रहेंगे कहां। उनका कहना है कि उन्होंने वर्षों की मेहनत से अपने आशियाने बनाए हैं और अब उन पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है।
निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इस मुद्दे पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे आम लोगों को अपने ही घरों से पलायन करने की नौबत न आए। फिलहाल इलाके में लगे पोस्टर चर्चा का विषय बने हुए हैं और लोग भविष्य को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
@MUSKAN KUMARI







