मुजफ्फरपुर में ठेकेदारों पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

मुजफ्फरपुर: बिहार में अपराध नियंत्रण के दावों के बीच मुजफ्फरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सकरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो ठेकेदारों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों ठेकेदार बाल-बाल बच गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना मुरौल प्रखंड के विश्वकर्मा चौक के पास की है। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार अशोक कुमार मिश्र और राजीव कुमार सीढ़ी घाट निर्माण कार्य से लौट रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अपराधियों ने उन पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। दोनों ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके से निकलकर अपनी जान बचाई।

पीड़ितों ने बुधवार को सकरा थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मौके से दो गोली के खोखे बरामद किए हैं, जिससे घटना की पुष्टि हुई है। ठेकेदार राजीव कुमार ने बताया कि वे बूढ़ी गंडक नदी किनारे रैनी घाट और ढोली कॉलेज में निर्माण कार्य देख रहे थे, तभी यह हमला हुआ।

सकरा थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

इस घटना ने एक बार फिर जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां आम नागरिकों को छोटे-छोटे कामों के लिए प्रशासन के चक्कर काटने पड़ते हैं, वहीं अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे हैं।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल