बंगाल चुनाव: पीएम मोदी का हमला, ‘विकसित राज्य के लिए TMC हटाना जरूरी’

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्य में तीन बड़ी चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर जोरदार निशाना साधा।

पूर्वी मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव सामान्य नहीं, बल्कि बंगाल के गौरव को फिर से स्थापित करने का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दोहराते हुए कहा कि अब “लुटेरों का हिसाब” होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकसित बंगाल की मजबूत नींव रखने का अवसर है और इसके लिए वर्तमान सरकार को हटाना पहला कदम होगा।

पीएम मोदी ने टीएमसी सरकार पर विकास, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जहां देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं बंगाल पीछे छूट रहा है। साथ ही उन्होंने भाजपा की छह गारंटियों का जिक्र करते हुए भरोसा दिलाया कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और कानून सबका हिसाब करेगा।

मत्स्य पालन और सी-फूड क्षेत्र का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अपार संभावनाओं के बावजूद राज्य आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है और मछली के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर है। उन्होंने इसे सरकार की नीतिगत विफलता बताया।

युवाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि रोजगार के अवसर सीमित हैं और सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार व्याप्त है। औद्योगिक क्षेत्रों के हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार के लिए बाहर पलायन कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने घुसपैठ, भ्रष्टाचार और केंद्र की योजनाओं को लागू न करने के आरोप भी राज्य सरकार पर लगाए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कारणों से गरीबों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा है।

गौरतलब है कि 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल