नवादा में गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 50 से अधिक सिलेंडर जब्त, दो गिरफ्तार

नवादा

बिहार के नवादा जिले के रजौली में जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान 50 से अधिक गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर गठित धावा दल ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और रजौली थाना पुलिस के साथ मिलकर मुरहेना बाजार में छापेमारी की। इस दौरान बाजार के मुख्य मार्ग के पूर्व दिशा में स्थित एक निजी मकान में संचालित दुकान से 7 भरे हुए (14.2 किलोग्राम) बीपीसीएल सिलेंडर और 40 खाली (14.2 किलोग्राम) एचपीसीएल सिलेंडर बरामद किए गए। मौके पर मौजूद विजय कुमार (पिता राजेंद्र साव, निवासी मुरहेना) ने खुद को दुकान का संचालक बताया।

इसके बाद धावा दल ने बाजार के पश्चिम दिशा में स्थित एक अन्य निजी मकान में चल रही दुकान पर छापा मारा। यहां एक व्यक्ति भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शकील आरजू उर्फ गुड्डू खाँ (पिता मो. तबारक हुसैन, निवासी मुरहेना) बताया।

इस दुकान से 3 खाली (14.2 किलोग्राम) एचपीसीएल सिलेंडर और एक पंजी बरामद की गई, जिसमें कई लाभार्थियों के नाम और पते दर्ज थे। जब्त सामान के संबंध में आरोपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इस मामले में विजय कुमार और शकील आरजू उर्फ गुड्डू खाँ के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा-07 और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस के अवैध भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल