दरियापुर जका में जश्न का माहौल, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ जोरदार अभिनंदन
बुलंदशहर,
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक-29 हासिल करने वाली बुलंदशहर की बेटी नबिया परवेज के अपने गांव दरियापुर जका पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ उनका अभिनंदन किया।
नबिया परवेज की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले में गर्व की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि उन्होंने अपने गांव और जिले का नाम देशभर में रोशन किया है।
दरियापुर जका की रहने वाली नबिया एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के दम पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक UPSC को पास कर यह मुकाम हासिल किया।
ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि नबिया की सफलता गांव की बेटियों के लिए नई प्रेरणा है। खासकर ग्रामीण और अल्पसंख्यक समाज की लड़कियों के लिए यह एक मिसाल बन गई है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
नबिया परवेज की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं। आज उनका गांव गर्व से झूम रहा है और हर कोई उनकी इस सफलता को अपनी जीत मान रहा है।
@MUSKAN KUMARI







