स्पेशल सेल की बड़ी कार्रवाई, शब्बीर अहमद लोन से पूछताछ जारी; विदेशी मुद्रा बरामद
नई दिल्ली |
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय सदस्य शब्बीर अहमद लोन को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें उसके भारत में एक नए आतंकी मॉड्यूल को सक्रिय करने की साजिश का खुलासा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लोन पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी लश्कर के एक मॉड्यूल के खुलासे में सामने आ चुका है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने जाल बिछाकर उसे गाजीपुर क्षेत्र से बीती रात गिरफ्तार किया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके नेटवर्क, सहयोगियों और देश में फैली उसकी गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस ने उसके पास से 5000 पाकिस्तानी रुपये, 2300 बांग्लादेशी रुपये और 1400 नेपाली रुपये बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह 2007 में एके-47 के साथ गिरफ्तार हो चुका है और पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण ले चुका है। बाद में 2015 में वह बांग्लादेश चला गया, जहां से उसने अपना नेटवर्क खड़ा किया।
हाल के दिनों में दिल्ली और दक्षिण भारत में भी लश्कर-ए-तैयबा के मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। इन मॉड्यूल्स द्वारा दिल्ली और कोलकाता जैसे शहरों में भारत विरोधी पोस्टर लगाकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई थी। सूत्रों के अनुसार, इन गतिविधियों को भी शब्बीर अहमद लोन ही बांग्लादेश से संचालित कर रहा था।
फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही हैं और आगे की जांच के आधार पर और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।.
@MUSKAN KUMARI







