मोकामा में वायरल ऑडियो से हड़कंप, SHO पर रिश्वत और मिलीभगत के आरोप

मोकामा में सोनू-चौकीदार की कथित बातचीत चर्चा में, पुलिस ने शुरू की जांच

पटना/मोकामा:

बिहार के मोकामा में एक कथित वायरल ऑडियो ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। इस ऑडियो में नौरंगा जलालपुर निवासी सोनू कुमार और पंचमहला थाने के एक चौकीदार के बीच बातचीत सामने आई है, जिसमें थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।

क्या है वायरल ऑडियो में दावा

कथित ऑडियो में सोनू कुमार, थाना प्रभारी कुंदन कुमार पर रिश्वत लेने का आरोप लगा रहा है। उसका दावा है कि पैसे देने के बावजूद पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई कर रही है और उसके पिता को धमकाया जा रहा है। बातचीत में यह भी कहा गया है कि अवैध गतिविधियों को चलाने के बदले नियमित रूप से पैसे दिए जाते थे और इसके बदले क्षेत्र में कुछ लोगों को छूट मिली हुई थी।

सोनू कथित तौर पर चौकीदार रंजीत से बातचीत में यह भी कहता सुनाई देता है कि वह SHO को लगातार लाखों रुपये देता रहा है। साथ ही, उसने ऑडियो वायरल करने और SHO को फंसाने की धमकी देने की बात भी कही है।

राजनीतिक कनेक्शन का भी जिक्र

वायरल बातचीत में सोनू ने अनंत सिंह का नाम लेते हुए पुलिस की कथित मिलीभगत का आरोप लगाया है। उसने दावा किया कि विधायक के कहने पर थाना प्रभारी काम कर रहा है और उसे डराने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने क्या कहा

इस पूरे मामले पर एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने कहा कि वायरल ऑडियो की जानकारी मिली है और इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में पंचमहला थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसमें एक जेसीबी और अवैध हथियार बरामद किए गए थे। संभवतः उसी मामले को लेकर यह बातचीत हो सकती है।

पुलिस का कहना है कि ऑडियो की सत्यता की जांच के बाद ही आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और वरिष्ठ अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। फिलहाल मामला जांच के दायरे में है और पुलिस हर पहलू से इसकी पड़ताल कर रही है।

@MUSKAN KUMARI

NCRLOCALDESK
Author: NCRLOCALDESK

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर
मौसम अपडेट
राशिफल